“बड़वारा में स्वास्थ्य सेवा का महाअभियान: 2865 मरीजों ने उठाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ, गंभीर रोगियों के लिए आगे इलाज की राह हुई आसान”
बड़वारा (जिला कटनी, म.प्र.)।
जनकल्याण और स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बड़वारा में 23 एवं 24 मई 2026 को विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय विधायक बड़वारा श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह जी के सौजन्य से तथा आर.पी. फाउंडेशन के संस्थापक एवं पीपुल्स ग्रुप के वाइस चेयरमैन श्री रोहित पंडित जी के नेतृत्व में, आर.पी. फाउंडेशन के सहयोग से पीपुल्स हॉस्पिटल, भानपुर (भोपाल) द्वारा किया गया।
शिविर के पहले ही दिन क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहाँ बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। लोगों में इस पहल को लेकर विशेष जागरूकता और उत्साह देखा गया।
शिविर में पीपुल्स हॉस्पिटल के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के तहत इको, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी, सोनोग्राफी, डायबिटीज जांच सहित विभिन्न प्रकार की रक्त जांचें निःशुल्क की गईं। साथ ही मरीजों को आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर में महिला रोग, हृदय रोग, श्वास रोग, त्वचा रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, नाक-कान-गला रोग, सर्जरी, हड्डी रोग, शिशु रोग एवं सामान्य बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएँ दीं। कुल लगभग 2865 मरीजों का परीक्षण किया गया, जिनमें से करीब 180 गंभीर एवं जटिल रोगों से ग्रसित मरीजों को आगे के उन्नत उपचार हेतु चिन्हित किया गया है। इन मरीजों को पीपुल्स हॉस्पिटल, भोपाल में निःशुल्क जांच, उपचार, ऑपरेशन एवं दवाइयों की सुविधा प्रदान की जाएगी।
साथ ही इन मरीजों के लिए आवागमन एवं भोजन की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे उन्हें उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में पीपुल्स ग्रुप के कार्यकारी निदेशक श्री गुंजन जैन सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय विधायक श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह जी ने कहा कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ चिकित्सा सेवाएँ पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।





