बजट आया, लेकिन शिक्षकों का नाश्ता गायब! प्रशिक्षण व्यवस्था पर उठे सवाल
शहडोल। जिला मुख्यालय शहडोल में आयोजित दिनाँक – 31/10/2026 को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे शिक्षकों को स्वल्पाहार तक नसीब नहीं हुआ। शासन के निर्देश पर जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से 100 से 150 किलोमीटर की दूरी तय कर प्रशिक्षण लेने पहुंचे शिक्षकों को चाय-नाश्ता तक उपलब्ध नहीं कराया गया। इस अव्यवस्था को लेकर प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों ने नाराजगी जाहिर की।
प्रशिक्षण में पहुंचे शिक्षकों का कहना है कि शासन द्वारा प्रशिक्षणार्थियों के चाय, नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था के लिए राशि उपलब्ध कराई जाती है, ताकि दूर-दराज से आने वाले शिक्षकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके बावजूद प्रशिक्षण स्थल पर स्वल्पाहार की व्यवस्था नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
शिक्षकों ने आरोप लगाया कि प्रशिक्षणार्थियों के खान-पान के लिए निर्धारित राशि के उपयोग में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उनका कहना है कि जब शासन द्वारा व्यवस्था के लिए बजट निर्धारित किया गया है, तो आखिर शिक्षकों को उसका लाभ क्यों नहीं मिल रहा है?
शिक्षकों ने इस पूरे मामले की जांच कर प्रशिक्षण के लिए आवंटित राशि के उपयोग का हिसाब सार्वजनिक करने तथा जिम्मेदारों से जवाबदेही तय करने की मांग की है।
सवाल यह है कि जब प्रशिक्षणार्थियों के स्वल्पाहार और भोजन के लिए बजट उपलब्ध है, तो फिर 100 से 150 किलोमीटर दूर से आए शिक्षक चाय-नाश्ते से भी वंचित क्यों रहे?




