NEET 2026 पेपर लीक पर NSUI का बड़ा हमला
“छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” — शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग
पत्रकार फैज मोहम्मद | उमरिया
देशभर में NEET 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने उमरिया जिला मुख्यालय में जोरदार प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान NSUI जिला अध्यक्ष मो. असलम शेर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने लाखों मेहनती छात्रों के सपनों को तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक कठिन मेहनत और तनाव के बीच NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और अनियमितताओं ने पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
“2015 से 2026 तक नहीं रुका पेपर लीक का खेल”
NSUI ने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 के AIPMT विवाद से लेकर NEET 2024 और अब NEET 2026 तक लगातार परीक्षा प्रणाली सवालों के घेरे में रही है। संगठन का कहना है कि यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है।
मो. असलम शेर ने कहा—
> “जब सरकार निष्पक्ष परीक्षा तक नहीं करा पा रही, तो उसे नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए जवाब देना चाहिए।”
NTA भंग करने और CBI जांच की मांग
NSUI ने मांग की कि:
- नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को तत्काल भंग किया जाए
- पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में CBI जांच कराई जाए
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए जवाब दें
छात्रों के लिए मुआवजा और सहायता की मांग
संगठन ने कहा कि पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य सहायता, कानूनी सहयोग और आर्थिक मुआवजा दिया जाना चाहिए। यदि परीक्षा दोबारा आयोजित होती है, तो छात्रों के लिए मुफ्त परिवहन और ठहरने की व्यवस्था सरकार द्वारा सुनिश्चित की जाए।
“हर छात्र के साथ खड़ी है NSUI”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईटी सेल जिला अध्यक्ष कृष्णकांत तिवारी, कॉलेज अध्यक्ष ओम तिवारी, कार्यवाहक अध्यक्ष अनुज वर्मा, जिला सचिव रचना यादव एवं कॉलेज सचिव मीनाक्षी ताम्रकार उपस्थित रहे।NSUI ने हेल्पलाइन जारी करते हुए कहा कि संगठन हर प्रभावित छात्र के साथ मजबूती से खड़ा है और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
छात्रों के भविष्य पर सियासत तेज
NEET 2026 पेपर लीक मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। एक ओर विपक्षी संगठन सरकार को घेर रहे हैं, वहीं लाखों छात्र निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।





