फरीदकोट: स्वास्थ्य विभाग ने फूंका ‘वर्ल्ड इम्यूनाइजेशन वीक’ का बिगुल; कोई बच्चा और गर्भवती महिला न छूटे: डॉ. गुलाटी

फरीदकोट (अलेक्जेंडर डिसूजा): स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 से 30 अप्रैल तक मनाए जा रहे “वर्ल्ड इम्यूनाइजेशन वीक” का फरीदकोट में औपचारिक आगाज हो गया है। सिविल सर्जन डॉ. परवजीत सिंह गुलाटी के दिशा-निर्देशों और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. हुसनपाल सिद्धू के नेतृत्व में सिविल अस्पताल के वैक्सीनेशन सेंटर से इस विशेष अभियान की शुरुआत की गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य:
डॉ. हुसनपाल सिद्धू ने इस मौके पर बताया कि टीकाकरण किसी भी समाज की सेहत की नींव है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को टिटनेस और छोटे बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाना हमारी प्राथमिकता है। इस सप्ताह का मुख्य लक्ष्य उन बच्चों और महिलाओं तक पहुंचना है, जो किसी भी कारणवश अपने नियमित टीकाकरण से वंचित रह गए हैं।
इन इलाकों पर रहेगा विशेष ध्यान:
पंजाब स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के अनुसार, जिले के दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में आउटरीच कैंप लगाए जाएंगे। विशेष रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों को कवर किया जाएगा।
शहरी स्लम बस्तियां और झुग्गी-झोपड़ियां:
ईंटों के भट्ठे (पठेरे)।
गुज्जर कैंप और माइग्रेंट आबादी वाले इलाके।
ऐसे क्षेत्र जहां स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचना चुनौतीपूर्ण है।
सर्वे और फील्ड वर्क:
डिप्टी मास मीडिया अधिकारी सुधीर धीर और डॉ. प्रभदीप सिंह चावला ने जानकारी दी कि पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा फील्ड में ‘हेड काउंट सर्वे’ किया जा रहा है। इस सर्वे के जरिए उन बच्चों की पहचान की जा रही है जिनका टीकाकरण अधूरा है या बिल्कुल नहीं हुआ है।
अपील:
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं। यदि आपके आसपास कोई गर्भवती महिला या 0 से 5 साल तक का बच्चा टीकाकरण से छूटा है, तो उसे नजदीकी कैंप या स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर वैक्सीन जरूर लगवाएं।
न्यूज़: 25-2
फोटो:




