बड़ी वारदात की फिराक में बैठा लुटेरों का गैंग दबोचा: फरीदकोट पुलिस की मुस्तैदी ने टाला बड़ा खतरा…

फरीदकोट (अलेक्जेंडर डिसूजा): फरीदकोट पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने एक अंतर-जिला गैंग के 5 सदस्यों को उस समय धर दबोचा, जब वे धारदार हथियारों के बल पर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
ऐसे हुई गिरफ्तारी: पुलिस की छापेमारी:
जानकारी के अनुसार, एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व और एसपी (इन्वेस्टिगेशन) जोगेश्वर सिंह गोराया की सुपरविजन में थाना सिटी-2 की पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस गुरजीत सिंह को गुप्त सूचना मिली कि सादिक चौक के पास मार्केट गेट के पीछे कुछ युवक हथियारों के साथ छिपे हुए हैं और राहगीरों को लूटने की फिराक में हैं।
थाना सिटी-2 के मुख्य अधिकारी चमकौर सिंह की देखरेख में पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कर पांचों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान:
पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:-
कुलदीप सिंह (निवासी बलबीर बस्ती, फरीदकोट)
सुखविंदर सिंह उर्फ जंगनू (निवासी बलबीर बस्ती, फरीदकोट)
मनप्रीत सिंह उर्फ मनी (निवासी दशमेश नगर, फरीदकोट)
मंगल सिंह उर्फ मंगा (निवासी हरगोबिंद नगर, फरीदकोट)
रवि (निवासी दाना मंडी, फरीदकोट)
हथियार बरामद और आपराधिक इतिहास:
पुलिस ने आरोपियों के पास से घातक हथियार बरामद किए हैं, जिनमें:- 03 किरपान, 01 बड़ा कापा, 01 लकड़ी का डंडा।
जांच में यह भी सामने आया है कि मंगल सिंह, सुखविंदर सिंह और कुलदीप सिंह शातिर अपराधी हैं। इन पर पहले से ही ड्रग तस्करी और चोरी जैसे 8 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने थाना सिटी-2 में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसएसपी का संदेश:
एसएसपी फरीदकोट ने कहा कि जिले के निवासियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का कोर्ट से रिमांड लिया जा रहा है, ताकि उनसे गहन पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य वारदातों का खुलासा किया जा सके।
न्यूज़: 18-3
फोटो: गिरफ्तार आरोपियों के साथ फरीदकोट पुलिस टीम।


