Ad imageAd image
d84ef9efc3d53b57ca3a957694261ad58b2c2b9e

सोते रहे जिम्मेदार, आग में उजड़ गया पूरा परिवार

सच कहने का जुनून

admin
7 Min Read
इस खबर को शेयर करें

सोते रहे जिम्मेदार, आग में उजड़ गया पूरा परिवार

दो माह के मासूम सहित छह लोगों की दर्दनाक मौत, तीन मंजिला इमारत आग की चपेट में

रात 12 बजे लगी आग, सुबह तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

दमकल वाहनों की फटी पाइप ने बढ़ाई मुश्किलें, बरही के युवाओं ने संभाला मोर्चा

बरही/कटनी। दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी और खुशियों के पर्व में डूबा था, तब कटनी जिले के बरही में एक ऐसा अग्निकांड हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल एवं रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और महज दो माह के मासूम सहित परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई।

- Advertisement -
Ad imageAd image

रातभर आग की लपटों से घिरी इमारत के भीतर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे परिवार को बचाने की कोशिशें चलती रहीं। लेकिन दमकल व्यवस्था की बदहाली और राहत कार्य में हुई देरी के बीच छह अनमोल जिंदगियां हमेशा के लिए खामोश हो गईं।

सुबह करीब 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था। घटनास्थल का मंजर इतना हृदयविदारक था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई।

संवेदनहीन सिस्टम, दमकल वाहनों की फटी पाइप ने बढ़ाई मुश्किलें

इस अग्निकांड ने नगर की अग्निशमन व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे आग लगने के बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन लगभग एक बजे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से दमकल वाहन पहुंचा, उसकी पाइप में भी खराबी बताई गई। इसके चलते आग बुझाने के प्रयासों में बाधा आई।

बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन पहुंचे। आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सुबह तक मशक्कत जारी रही। जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

- Advertisement -
Ad imageAd image

सवाल यह है कि दीपावली जैसे पर्व पर जब आग लगने की आशंका अधिक रहती है, तब नगर की दमकल व्यवस्था इतनी बदहाल क्यों थी? यदि दमकल वाहनों की पाइप दुरुस्त होतीं और समय रहते प्रभावी राहत पहुंचती, तो क्या कुछ जिंदगियां बचाई जा सकती थीं?

प्रशासनिक संवेदनहीनता पर उठे गंभीर सवाल

इतने बड़े हादसे के बावजूद स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब चार बजे तक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी नहीं दिखाई दी। लोगों ने मदद के लिए तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर तक फोन लगाने के प्रयास किए, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

ऐसे संकट के समय जब एक परिवार की जिंदगी बचाने के लिए हर पल कीमती था, तब प्रशासनिक अमले की अनुपस्थिति ने लोगों में नाराजगी पैदा कर दी।

सुबह करीब चार बजे बरही पुलिस के एसआई विनोदकांत सिंह और दिनेश सिंह बघेल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग किया। सुबह 7 बजे विजयराघवगढ़ से एसडीओपी विनरेंद्र धारवे पहुँच गए थे। नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल एवं कर्मचारी तीरथ चतुर्वेदी रिंकू पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत कार्य में जुटे रहे।

बरही के युवाओं ने संभाला मोर्चा, जान की परवाह किए बिना जुटे रहे

जब आग की लपटें विकराल रूप ले रही थीं और दमकल अमला आग पर काबू पाने के लिए संघर्ष कर रहा था, तब बरही नगर के युवाओं ने भी मोर्चा संभाल लिया। मदन सोनी, कृष्णकांत ताम्रकार, पिंटू ताम्रकार सहित अन्य युवाओं ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने और राहत कार्य में सहयोग किया।

इस भयावह स्थिति में युवाओं का साहस और मानवीय संवेदना काबिल-ए-तारीफ रही। एक ओर जहां पूरा नगर हादसे की भयावहता से स्तब्ध था, वहीं ये युवा पीड़ित परिवार की मदद के लिए लगातार जुटे रहे।

रितेश और उनकी भाभी की बची जान, बाकी परिवार नहीं निकल पाया बाहर

हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। बताया जाता है कि आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और बाहर की ओर भागे, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य आग और धुएं के बीच इमारत में ही फंसे रह गए।

मां की गोद में लिपटा था दो माह का मासूम

इस अग्निकांड का सबसे पीड़ादायक पहलू उस दो माह के मासूम की मौत है, जो अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल स्थित कमरे में था। मां की गोद में लिपटा वह नन्हा जीवन दुनिया को ठीक से समझ भी नहीं पाया था कि काल ने उसे परिवार सहित छीन लिया।

वहीं चंद्रकला और परिवार की दोनों मासूम बेटियां भी इमारत के दूसरे हिस्से में फंस गईं। सुबह जब रेस्क्यू टीम ने उन्हें बाहर निकाला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

 

यह हादसा सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि दमकल व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं की तत्परता और प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। अब जरूरत है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Share This Article
Leave a Comment