उमरिया | फैज मोहम्मद
उमरिया जिले के चिल्हारी-बरदौहा मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक सड़क हादसे ने उस वक्त सनसनी फैला दी, जब दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। हादसे के बाद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि उनकी स्कॉर्पियो सड़क किनारे लिप्टिस के पेड़ से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पुलिया के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। सुबह जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्हें वाहन संदिग्ध हालत में दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल अमरपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई।
स्कॉर्पियो से निकला गांजे का जखीरा:
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो अंदर से आधा क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। सूत्रों के मुताबिक स्कॉर्पियो में करीब 60 किलो से ज्यादा गांजा भरा हुआ था, जिसे किसी बड़े नेटवर्क के जरिए सप्लाई किया जा रहा था।

हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो, नंबर प्लेट भी जांच के घेरे में:
बरामद स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर HR 51 CD 1948 बताया जा रहा है, जो हरियाणा पासिंग का है। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वाहन पर लगी नंबर प्लेट असली है या फर्जी। अंतरराज्यीय तस्करी में फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल की आशंका भी जताई जा रही है।
हादसा या तस्करी का खुलासा?
पुलिस की शुरुआती जांच में साफ हुआ है कि हादसे के तुरंत बाद वाहन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े गांजा तस्कर गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
इलाके में हड़कंप, पुलिस अलर्ट:
घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर लिया है तथा फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। माना जा रहा है कि मध्यप्रदेश का यह मार्ग अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी का अहम रूट बनता जा रहा है।फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और तस्करी के तारों को खंगालने में जुटी हुई है।





