बाल दिवस पर बच्चों की थाली से बिगड़ी सेहत! 15 मासूम अस्पताल में भर्ती
मध्याह्न भोजन के बाद मचा हड़कंप, एक बच्चे की हालत चिंताजनक; भोजन की गुणवत्ता और जिम्मेदारों की निगरानी पर उठे गंभीर सवाल
विनय द्विवेदी ब्यौहारी। बाल दिवस पर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान होनी चाहिए थी, लेकिन शासकीय प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ में परोसे गए मध्याह्न भोजन के बाद 15 मासूमों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। भोजन करने के कुछ ही देर बाद बच्चों के पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। देखते ही देखते 15 बच्चे बीमार पड़ गए। आनन-फानन में सभी को निजी वाहन से सिविल अस्पताल ब्यौहारी पहुंचाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय में बच्चों को मध्याह्न भोजन कराया गया था। भोजन करने के बाद अचानक बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। पेट दर्द की शिकायत बढ़ने पर विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद सभी 15 बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में बच्चों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिकांश बच्चों की हालत स्थिर है, जबकि एक बच्चे की स्थिति अपेक्षाकृत ठीक नहीं बताई गई है।
बच्चों की थाली में क्या परोसा गया, जांच का इंतजार
एक ही विद्यालय के 15 बच्चों का एक साथ बीमार पड़ना महज सामान्य घटना नहीं है। भोजन के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने से मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, भोजन तैयार करने में बरती गई स्वच्छता और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था कठघरे में है। सवाल यह है कि बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच नियमित रूप से हो रही थी या नहीं? भोजन की तैयारी और वितरण में निर्धारित मानकों का पालन किया गया था या नहीं?
15 बच्चों की सेहत से जुड़ा मामला, जिम्मेदारी तय होगी या मामला ठंडे बस्ते में जाएगा?
बाल दिवस के दिन सामने आई इस घटना ने विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब आवश्यकता केवल बच्चों के उपचार तक सीमित रहने की नहीं, बल्कि भोजन के नमूने लेकर जांच कराने, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने की है। आखिर बच्चों की सेहत से जुड़े इस गंभीर मामले में जवाबदेही किसकी होगी?




