धर्मरक्षा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ स्थापित “संकल्प रामराज्य सेवा ट्रस्ट

वाराणसी। समाज के समग्र उत्थान, धर्मरक्षा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ स्थापित “संकल्प रामराज्य सेवा ट्रस्ट” का विधिवत पंजीकरण भारतीय ट्रस्ट अधिनियम 1882 के अंतर्गत संपन्न हो गया है। ट्रस्ट के संस्थापक एवं मैनेजिंग ट्रस्टी पंडित राजकुमार मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि यह संस्था धार्मिक, सामाजिक, शैक्षिक, चिकित्सीय एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, योग एवं आध्यात्मिक जागरण, गौसंवर्धन, साधु-संतों के सम्मान एवं मार्गदर्शन के प्रसार के साथ-साथ विद्यालय, गुरुकुल, महाविद्यालय, चिकित्सालय, एम्बुलेंस सेवा, अनाथालय एवं वृद्धाश्रम जैसे जनहितकारी संस्थानों की स्थापना एवं संचालन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त ट्रस्ट ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल कल्याण, खेल एवं युवा सशक्तिकरण, कौशल विकास तथा जरूरतमंद, असहाय एवं दिव्यांग व्यक्तियों के सहयोग हेतु भी विविध योजनाएं संचालित करेगा। पंडित मिश्र ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में नैतिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को स्थापित करते हुए “रामराज्य” की अवधारणा को साकार करना है, जिसमें समता, न्याय और लोककल्याण की भावना सर्वोपरि हो।
ट्रस्ट का मुख्यालय अस्सी, वाराणसी में स्थापित किया गया है, जबकि इसका कार्यक्षेत्र राष्ट्रीय ही नहीं, अपितु अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विस्तारित रहेगा। इस अवसर पर उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे इस पुनीत अभियान से जुड़कर राष्ट्र एवं समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
संपर्क सूत्र : 8789831578


