रघुनाथगंज बायपास क्षेत्र में चोरों का आतंक, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
रीवा।
जिले के रघुनाथगंज क्षेत्र में पिछले तीन-चार महीनों से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। आरोप है कि प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि रघुनाथगंज बायपास और उसके आसपास के क्षेत्रों में कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार समाचारों के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि चोर खुलेआम पुलिस को चुनौती देते हुए वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। खासतौर पर बायपास चौराहे से करीब तीन किलोमीटर के दायरे में शाम ढलते ही संदिग्ध गतिविधियां बढ़ जाती हैं। नकाबपोश चोरों के आतंक से लोग दहशत में हैं।
लोगों का कहना है कि हर बार केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकता पूरी की जाती है। इससे जनता का भरोसा प्रशासन पर कमजोर होता जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि रघुनाथगंज बायपास क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और सक्रिय चोर गिरोह का जल्द से जल्द पर्दाफाश कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए।
अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है और क्षेत्रवासियों को चोरी की घटनाओं से राहत मिल पाती है या नहीं।
रिपोर्ट : दीनानाथ गुप्ता, जिला रीवा





