अमन यादव मौत मामला: IG शहडोल का बड़ा एक्शन, निष्पक्ष जांच के लिए 4 सदस्यीय SIT का गठन
अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत 17 वर्षीय अमन यादव की मौत के बहुचर्चित मामले में पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। घटना की गंभीरता और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए शहडोल जोन की पुलिस महानिरीक्षक एन. चैत्रा ने एक विशेष अन्वेषण टीम यानी एसआईटी का गठन किया है। यह टीम पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर न्यायालय में अपनी अंतिम रिपोर्ट पेश करेगी। इस त्वरित और सख्त कदम से अब उम्मीद जताई जा रही है कि अमन यादव के परिजनों को जल्द ही न्याय मिलेगा और मौत के पीछे की असली सच्चाई सामने आ सकेगी।
प्राप्त जानकारी और पुलिस आदेश के अनुसार, मृतक फरियादी अमन यादव मूल रूप से ग्राम बरली, जिला जमुनिया (बिहार) का निवासी था और हाल ही में अनूपपुर जिले के बिजुरी स्थित ऊर्जा नगर में रह रहा था। इस मामले में थाना बिजुरी में अपराध क्रमांक 188/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं जैसे 296 बी, 115(2), 74, 75(2), 76, 309(6), और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आईजी शहडोल द्वारा गठित इस चार सदस्यीय टीम का पर्यवेक्षण शहडोल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान करेंगे। टीम के अन्य सदस्यों में कोतमा थाना प्रभारी निरीक्षक श्री रत्नाम्बर शुक्ला, भालूमाड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक श्री उमेश उपाध्याय और अनूपपुर कोतवाली की उप निरीक्षक श्रीमती सरिता लकड़ा को शामिल किया गया है।
इस विशेष अनुसंधान टीम को तत्काल प्रभाव से प्रकरण की विवेचना शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम का मुख्य कार्य अमन यादव की मृत्यु से जुड़े संपूर्ण घटनाक्रम का गहराई से अनुसंधान करना और न्यायालय में अंतिम प्रतिवेदन प्रस्तुत करना है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विशेष अनुसंधान टीम आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त विवेचकों की मांग भी कर सकेगी। वहीं पर्यवेक्षण अधिकारी समय-समय पर प्रकरण की वर्तमान स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते रहें
गे।




