मोदी सरकार ने अमेरिका की ‘कठपुतली’ बनकर बर्बाद की देश की विदेश नीति: हरदेव अर्शी,

-ईरान पर थोपे गए युद्ध के खिलाफ सीपीआई ने की तुरंत सीजफायर की मांग,
-चंडीगढ़ में 7-8 अप्रैल को होगी स्टेट काउंसिल मीटिंग, बड़े संघर्षों का होगा ऐलान,
-पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर फेल, मान सरकार ने पुलिस को दी ‘खुली छुट्टी’—-
फरीदकोट (अलेक्जेंडर डिसूजा): भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के नेशनल काउंसिल मेंबर और पूर्व विधायक कामरेड हरदेव अर्शी ने केंद्र की मोदी सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति की ‘कठपुतली’ बनकर भारत की दशकों पुरानी स्वतंत्र और प्रतिष्ठित विदेश नीति को तहस-नहस कर दिया है।
स्थानीय शहीद कामरेड अमोलक सिंह भवन में पावरकॉम पेंशनर नेता हरपाल सिंह मचाकी की अध्यक्षता में आयोजित डिस्ट्रिक्ट एग्जीक्यूटिव मीटिंग को संबोधित करते हुए अर्शी ने अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा।
विदेशी ताकतों के आगे घुटने टेकने का आरोप:
कामरेड अर्शी ने कहा कि अमेरिकी साम्राज्यवाद तेल संसाधनों पर कब्जा करने के लिए वैश्विक अराजकता फैला रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रशासन ने पहले वेनेजुएला के लोकतांत्रिक नेतृत्व को निशाना बनाया और अब वह ईरान के तेल भंडारों पर नजर गड़ाए हुए मासूमों पर बमबारी कर रहा है। भारत का अमेरिका के सामने झुकना देश के हितों के साथ धोखा है, जिसके कारण रूस और ईरान जैसे भरोसेमंद दोस्तों से हमें तेल मिलना बंद हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस युद्ध और केंद्र की गलत नीतियों के कारण तेल और रसोई गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिसका सीधा बोझ आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। मीटिंग में एक प्रस्ताव पारित कर ईरान पर थोपे गए युद्ध की निंदा की गई और भारत से अपनी पुरानी ‘न्यूट्रल पॉलिसी’ पर वापस लौटने की मांग की गई।
पंजाब की स्थिति:
पुलिस स्टेट’ की ओर बढ़ता राज्य: पंजाब की भगवंत मान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कामरेड अर्शी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पुलिस को ‘खुली छूट’ देकर पंजाब को एक पुलिस स्टेट में तब्दील कर दिया है।
आगामी रणनीति और मुख्य उपस्थिति:
पार्टी के भविष्य के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 7 और 8 अप्रैल को चंडीगढ़ के अजय भवन में सीपीआई स्टेट काउंसिल की महत्वपूर्ण मीटिंग बुलाई गई है। इस मीटिंग में राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ बड़े संघर्षों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बैठक में शामिल प्रमुख नेता:
इस मीटिंग में कामरेड गुरनाम सिंह मनी सिंह वाला (फार्म वर्कर्स यूनियन), प्रेम चावला (एग्जीक्यूटिव डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी), सुखजिंदर सिंह तुनबरभान (किसान सभा), वीर सिंह कमेआना, गोरा पिपली (नरेगा यूनियन), गुरचरण सिंह मान, इंदरजीत सिंह गिल, प्रदीप सिंह बराड़, प्रिंसिपल गुरदीप कौर बराड़, गुरदीप सिंह दीप सिंह वाला और बलकार सिंह सहोता सहित अन्य गणमान्य नेताओं ने अपने विचार साझा किए।
न्यूज़ 2-1,


