अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर देवगांव में वरिष्ठजनों का सम्मान
अनुभव, अधिकार और सामाजिक भूमिका पर हुई चर्चा
संभागीय ब्यूरो विनय द्विवेदी
शहडोल। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को ग्राम अमिलिहा/देवगांव में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति देवगांव द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, शहडोल एवं योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग, मध्य प्रदेश के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गांव के वरिष्ठजनों का सम्मान कर उनके अनुभवों, अधिकारों तथा समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल हुए। इस दौरान वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक श्री शिवदत्त उरमालिया, मेंटर श्री हीरालाल साहू तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति देवगांव के अध्यक्ष श्री भैयालाल पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठजनों के सम्मान एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके अनुभवों से युवा पीढ़ी को प्रेरणा दिलाना रहा।




