अहमदाबाद-मुंबई नेशनल हाइवे पर दर्दनाक हादसा

अहमदाबाद-मुंबई नेशनल हाइवे पर दर्दनाक हादसा हुआ है. सड़क दुर्घटना में साथियों के साथ पैदल तीर्थयात्रा पर निकले 21 वर्षीय जैन भिक्षु की मृत्यु हो गई. यह दुर्घटना भालीवली गांव के पास हुई, जब तेज रफ्तार कार के चालक ने पीछे से आ रहे ट्रक की टक्कर के बाद वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. कार से भिक्षु को टक्कर लगी और उनकी मृत्यु हो गई. दिवंगत जैन भिक्षु की पहचान नम्ररत्न विजय महाराज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गुजरात के निवासी थे. पूरा जैन समुदाय उनके निधन पर शोक मना रहा है.
मांडवी पुलिस के अनुसार, नम्ररत्न महाराज और उनके साथी सफाले के प्रतापधाम सतीवली से विरार से आगे महावीरधाम शिरसाद की ओर जा रहे थे. करीब 5:15 बजे, जब वे भालीवली पुल के पास थे, तभी राजमार्ग के दक्षिण की ओर जाने वाले रास्ते पर गुजरात से आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया गाड़ी को एक ट्रक ने टक्कर मार दी.


