*51 चित्रकार, 16 वक्ता और 6 निबंधकार मैदान में, सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर*
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित
*विनय द्विवेदी ब्यौहारी* । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट रघुराज क्रमांक-02, शहडोल में जिला स्तरीय चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के पांचों विकासखंडों से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 51 विद्यार्थियों ने चित्रकला, 16 ने भाषण तथा 6 विद्यार्थियों ने निबंध प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती मनीषा सिंह रहीं। इस अवसर पर जिला योजना समिति सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, जिला स्तरीय मॉनीटरिंग कमेटी सदस्य श्री संतोष लोहानी, सामाजिक कार्यकर्ता श्री पुष्पेंद्र पटेल, जिला चित्रकला प्रदर्शनी प्रभारी श्री दौलत मनवानी, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, अनुविभागीय अधिकारी सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अतुल चौधरी, जिला परियोजना समन्वयक श्री अमरनाथ सिंह, सहायक संचालक जनजातीय कार्य विभाग श्री संजय पाण्डेय तथा प्राचार्य शासकीय उत्कृष्ट रघुराज क्रमांक-02 श्री मनोज श्रीवास्तव सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
*जूरी ने किया प्रतिभागियों का मूल्यांकन*
प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों की प्रतिभा का जिला स्तरीय गठित जूरी द्वारा मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन के आधार पर चित्रकला प्रतियोगिता में पांच, भाषण में चार तथा निबंध प्रतियोगिता में तीन विद्यार्थियों का चयन किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि चयनित विद्यार्थियों को मेडल, शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
*चित्रकला में चयनित विद्यार्थी*
चित्रकला प्रतियोगिता में प्राची गुप्ता, शासकीय हाई स्कूल सरवाही खुर्द ब्यौहारी; मोनिका यादव, शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय चंदेला जयसिंहनगर; जयन्त रजक, अशासकीय केपीएस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जैतपुर बुढार; पलक गुप्ता, अशासकीय विद्यासागर पब्लिक स्कूल बुढार तथा वंश तिवारी, शासकीय माध्यमिक विद्यालय बैरीहा बुढार का चयन किया गया।

*भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा*
भाषण प्रतियोगिता में कृष्णा गुप्ता, अशासकीय विमला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी; करिश्मा सेन, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रघुराज क्रमांक-02; शिवानी सिंह, माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर कंचनपुर तथा शिवा द्विवेदी, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी का चयन किया गया।
*निबंध प्रतियोगिता में तीन विद्यार्थियों का चयन*
निबंध प्रतियोगिता में संध्या यादव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया; अमिताभ सिंह, एकलव्य विद्यालय जैतपुर तथा आरणा नामदेव, ओपीएम अमलई का चयन किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने चित्रकला, भाषण और लेखन के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा एवं विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा उनमें सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों ने शुभकामनाएं दीं।





