Ad imageAd image
d84ef9efc3d53b57ca3a957694261ad58b2c2b9e

नए शैक्षणिक सत्र का हुआ शुभारंभ, विद्यार्थियों को दिलाई शिक्षा व नशामुक्ति की शपथ

NEWS DESK
3 Min Read
इस खबर को शेयर करें

नए शैक्षणिक सत्र का हुआ शुभारंभ, विद्यार्थियों को दिलाई शिक्षा व नशामुक्ति की शपथ

विनय द्विवेदी ब्यौहारी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के अंतर्गत समाज कार्य स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रम के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सत्रारंभ कार्यक्रम रविवार को पंडित रामकिशोर शुक्ला शासकीय महाविद्यालय ब्यौहारी में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री शरद जुगलाल कोल ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। विधायक श्री कोल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी विरासत, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को समझने का अवसर मिलता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. तिवारी ने कहा कि विगत वर्षों से संचालित इस पाठ्यक्रम से अनेक विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं। दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर अपने गांव और समाज का नेतृत्व कर रहे हैं तथा समाज कार्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों को समझते हुए समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।

- Advertisement -
Ad imageAd image

विकासखंड ब्यौहारी के समन्वयक श्री शिवदत्त उर्मलिया ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उद्देश्यों तथा सीएमसीएलडीपी के अंतर्गत संचालित समाज कार्य स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के बीच सक्रिय रूप से कार्य करने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया तथा अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में उपस्थित परामर्शदाताओं ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के विभिन्न विषयों, परीक्षा प्रणाली, प्रोजेक्ट कार्य, फील्ड वर्क सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। विधायक श्री शरद जुगलाल कोल ने विद्यार्थियों को शिक्षा एवं नशामुक्ति के संबंध में शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पुस्तकों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में विकासखंड नोडल अधिकारी श्री योगेश चंद्र गुप्ता, शासकीय महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. संजय गुप्ता, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के परामर्शदाता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment