- नौरोजाबाद में बिजली संकट से जनजीवन बेहाल, व्यापारी संघ में भारी आक्रोश
- लंबी और अनियमित कटौती से व्यापार प्रभावित, मेडिकल सेवाओं पर भी संकट, अलग फीडर और स्थानांतरण की मांग तेज
उमरिया, नौरोजाबाद।
नगर नौरोजाबाद में व्याप्त गंभीर विद्युत संकट को लेकर आम जनता और व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश व्याप्त है। लगातार हो रही बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है, वहीं व्यापारिक गतिविधियाँ लगभग ठप होने की स्थिति में पहुँच गई हैं।

स्थानीय व्यापारी संघ का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण नगर में लंबे समय से बिजली व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। छोटे व्यवसायी जैसे वेल्डिंग कार्य, आइसक्रीम एवं कोल्ड्रिंक विक्रेता तथा अन्य छोटे प्रतिष्ठान सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने बताया कि बिजली न मिलने के कारण मेडिकल दुकानों में रखी जीवन रक्षक दवाइयाँ भी खराब होने लगी हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद एमपीईबी पाली एवं उमरिया स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

व्यापारी संघ अध्यक्ष कमल चंदानी ने कहा कि नगर में सब-स्टेशन स्थापित होने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। बिना मौसम खराबी के भी कई-कई घंटों तक बिजली गायब रहती है और रातभर आपूर्ति बाधित रहती है। शिकायत करने पर पिनौरा, चंगेरा और धौरई क्षेत्रों में फॉल्ट का बहाना बनाकर जिम्मेदारी से बचा जाता है।
व्यापारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगर में विशाल आंदोलन और बाजार बंद किया जाएगा। उनकी प्रमुख मांगों में नौरोजाबाद विद्युत विभाग के समस्त स्टाफ का तत्काल स्थानांतरण तथा नगर के लिए पृथक विद्युत फीडर की स्थापना शामिल है।

संघ ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे इस जनहित आंदोलन में आगे आकर नेतृत्व करें और बिजली संकट के स्थायी समाधान के लिए शासन-प्रशासन पर दबाव बनाएं।
नगरवासियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक अलग फीडर की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक वे आंदोलन जारी रखने को बाध्य रहेंगे।
रिपोर्ट
फैज मोहम्मद, उमरिया





