Ad imageAd image
d84ef9efc3d53b57ca3a957694261ad58b2c2b9e

उद्यम क्रांति योजना और स्व-सहायता समूहों के हितग्राहियों ने साझा की सफलता की कहानी

NEWS DESK
4 Min Read
इस खबर को शेयर करें

*उद्योग संवाद में युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित*

उद्यम क्रांति योजना और स्व-सहायता समूहों के हितग्राहियों ने साझा की सफलता की कहानी

*शहडोल*  सेवा सेतु अभियान के तहत ग्राम सरवाही कला में आयोजित जन कल्याण शिविर में उद्योग विभाग द्वारा उद्योग संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति एवं पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल ने युवाओं से संवाद कर उन्हें स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा और कार्य करने की क्षमता की कमी नहीं है। आवश्यकता है कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप व्यवसाय का चयन कर शासन की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा युवाओं एवं स्व-सहायता समूहों को व्यवसाय शुरू करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

- Advertisement -
Ad imageAd image

महाप्रबंधक उद्योग श्री अलावा एवं प्रबंधक जूही खटीक ने प्रधानमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, ऋण सुविधा एवं योजनाओं से मिलने वाले लाभों के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से बताया।

*हितग्राहियों ने साझा किए सफलता के अनुभव*

उद्योग संवाद के दौरान प्रधानमंत्री उद्यम क्रांति योजना के लाभार्थी सुनील सोनी एवं गणेश वर्मा ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से उन्हें व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक सहयोग मिला, जिससे वे स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सके। उन्होंने अन्य युवाओं से भी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

वहीं स्व-सहायता समूह से जुड़ी रीता कुशवाहा एवं नीता साहू ने समूह से जुड़ने के बाद आए बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने, आय बढ़ाने और परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग करने का अवसर मिल रहा है।

*मुद्रा योजना से मिला व्यवसाय के लिए आर्थिक सहयोग*

- Advertisement -
Ad imageAd image

शिविर में मुद्रा योजना के तहत खड्डा निवासी अर्चना पटेल एवं किरन पटेल को एक-एक लाख रुपये की राशि व्यवसाय के लिए प्रदान की गई। वहीं ग्राम देवगांव के चार स्व-सहायता समूहों को व्यवसायिक गतिविधियों के लिए 6-6 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट प्रदान की गई।

योजना का लाभ मिलने पर हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार जताया।

सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र युवाओं और स्व-सहायता समूहों तक स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए तथा आवेदन से लेकर लाभ प्राप्त करने तक आवश्यक सहयोग दिया जाए। उन्होंने कहा कि छोटे व्यवसायों और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में एसडीएम सुश्री काजोल सिंह, डिप्टी कलेक्टर भागीरथी लहरे एवं गैलेक्सी नागपुरे, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री दुर्गेश तिवारी, श्री पुष्पेन्द्र सिंह, सरपंच श्रीमती संतोषी सिंह, सीईओ जनपद पंचायत कल्पना यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी तथा आसपास की ग्राम पंचायतों के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment