मंडलम एवं नगर कांग्रेस ब्यौहारी के संयुक्त तत्वावधान में रेस्ट हाउस में आयोजित हुआ कार्यक्रम
गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस ने लिया सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के संकल्प का प्रण, महापुरुषों के जीवन और विचारों को किया याद
ब्यौहारी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ब्यौहारी में मंडलम एवं नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि एवं विचार-स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम का आयोजन मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के अध्यक्ष श्री अजय अवस्थी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यौहारी के अध्यक्ष श्री सतेन्द्र त्रिपाठी ‘पिंटू’ के निर्देश पर मंडलम कांग्रेस कमेटी ब्यौहारी के अध्यक्ष विनय द्विवेदी तथा नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरि सिंह के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और राष्ट्रसेवा के विचारों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन को जन-जन से जोड़ते हुए सत्य और अहिंसा को संघर्ष का माध्यम बनाया। उनका जीवन केवल स्वतंत्रता आंदोलन तक सीमित नहीं था, बल्कि सामाजिक समरसता, स्वावलंबन, स्वच्छता और अंतिम व्यक्ति के उत्थान का संदेश भी देता है।
वहीं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शास्त्री जी ने अपने सरल एवं सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण से सार्वजनिक जीवन में उच्च आदर्श स्थापित किए। देश के कठिन दौर में उन्होंने दृढ़ नेतृत्व प्रदान किया और किसानों तथा जवानों के महत्व को रेखांकित करते हुए ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है। समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव, सत्य, अहिंसा, ईमानदारी एवं राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करना ही इन महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में संगठनात्मक एकजुटता और सामाजिक सरोकारों को लेकर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर लक्ष्मीकांत तिवारी, हरिशंकर कोरी, राजभान मिश्रा, मुकेश चतुर्वेदी, दिलीप तिवारी, पप्पू साकेत, मोहम्मद इस्लाम, अनिल नामदेव, नागेंद्र वर्मा, इंद्र कुमार पाठक, छत्रपाल वर्मन, पंकज चतुर्वेदी, अजय सिंह मरावी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





