ईदगाह चौक पर स्वच्छता अभियान की खुली पोल, नाले की गंदगी से लोग परेशान
सतना। पत्रकार पंकज तिवारी
नगर निगम का स्वच्छता अभियान ईदगाह चौक क्षेत्र में केवल पोस्टरों और नारों तक सीमित नजर आ रहा है। एक ओर “स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26” के बड़े-बड़े बोर्ड लगाकर लोगों को चार अलग-अलग डिब्बों में कचरा डालने के लिए जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नाले की सफाई के बाद निकाली गई गंदगी कई दिनों से सड़क किनारे पड़ी हुई है।
सड़कों पर फैली बदबू और सड़ांध से स्थानीय लोगों का निकलना तक मुश्किल हो गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। नाले से निकाला गया कचरा और कीचड़ समय पर नहीं उठाया गया, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब गंदगी का उचित निपटान ही नहीं करना था, तो सफाई अभियान का दिखावा आखिर किसके लिए किया जा रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क पर फैली गंदगी हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।




