मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान के आरोपों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा पलटवार

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान के आरोपों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा पलटवार किया है। दरअसल, पीएम मोदी ने ममता बनर्जी पर राष्ट्रपति के बंगाल दौरे के दौरान प्रोटोकॉल तोड़ने और मातृशक्ति के अपमान का आरोप लगाया था।
इसके जवाब में ममता बनर्जी ने लालकृष्ण आडवाणी को ‘भारत रत्न’ दिए जाने के कार्यक्रम की एक पुरानी तस्वीर दिखाई। इस तस्वीर में राष्ट्रपति मुर्मू खड़ी होकर आडवाणी को सम्मान दे रही हैं, जबकि पीएम मोदी बैठे हुए हैं। यह तस्वीर दिखाते हुए ममता ने कहा, “आप देश की राष्ट्रपति और एक आदिवासी महिला का सम्मान नहीं करते। यहां राष्ट्रपति खड़ी हैं और प्रधानमंत्री बैठे हुए हैं।”
ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव आते ही केंद्र सरकार बेवजह बंगाल को निशाना बनाती है। उन्होंने सफाई दी कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल को लेकर उन्होंने पहले ही आपत्ति दर्ज कराई थी, जिसे नजरअंदाज कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि वह फिलहाल कोलकाता में लोगों के अधिकारों के लिए धरने पर बैठी हैं।


