अवैध खनन पर वार-कानून का सख्त प्रहार

मुरैना पुलिस ने जिले में गौण खनिज के अवैध परिवहन, उत्खनन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। यह अभियान 16 से 23 मार्च तक संचालित किया गया, जिसमें विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध रेत, पत्थर एवं अन्य खनिज से भरे 24 ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक ट्रॉली और एक ट्रक जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।
इसके अलावा पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने राजघाट और डाबरपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से उत्खनित कर भंडारित लगभग 4500 ट्रॉली (करीब 9000 घनमीटर) रेत का नष्टीकरण किया, जिसकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपए से अधिक बताई गई है।


