Ad imageAd image
d84ef9efc3d53b57ca3a957694261ad58b2c2b9e

फाग की मधुर धुनों पर झूमे ग्रामीण, गिधनटोला जरही में उत्साह से मनाई होली

admin
2 Min Read
इस खबर को शेयर करें

गिधनटोला जरही में फाग गीतों की गूंज, रंग-गुलाल के साथ मनाया गया उल्लासपूर्ण होली मिलन

 

राजेन्द्रग्राम।

 

- Advertisement -
Ad imageAd image

जनपद मुख्यालय पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत जरही के वार्ड क्रमांक 05 स्थित गिधनटोला में होली का त्योहार इस वर्ष बड़े ही उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। पूरे गांव में फाग गीतों की मधुर गूंज सुनाई दी और ग्रामीणों ने रंग-गुलाल लगाकर आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया।

 

होली के अवसर पर ग्राम निवासी अशोक महरा के घर विशेष रूप से फाग गीतों का आयोजन किया गया। इस आयोजन में गांव के बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने मिलकर पारंपरिक फाग गीत गाए और ढोल-मंजीरों की थाप पर उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान उमा-पार्वती विवाह से जुड़े पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग से भर दिया।

 

ग्रामीणों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली मिलन मनाया। इस दौरान गांव में सौहार्द और एकता का सुंदर वातावरण देखने को मिला। फाग गीतों की परंपरा गांवों में लंबे समय से चली आ रही है, जिसमें प्रेम, श्रृंगार और सामाजिक एकता की भावना झलकती है।

 

फाग गीतों में भगवान राम, श्रीकृष्ण, राधा रानी और शिव-पार्वती से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख किया गया। इसके साथ ही लोकजीवन से जुड़े गीत भी गाए गए, जिनमें चिरई-सुग्गा, संपिनिया-बीछी, “सड़क मां चले मोटरिया हो, महादेव ऊपर चले हवाई” जैसे लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इन गीतों में खेत-खलिहान और ग्रामीण जीवन की झलक भी देखने को मिलती है।

 

होली के इस पारंपरिक उत्सव में गिधनटोला के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रंग-गुलाल और फाग गीतों के बीच गांव में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा। इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प भी लिया।

Share This Article
Leave a Comment