युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष की संदिग्ध मौत से हड़कंप — हादसा, हत्या या साजिश? परिजनों ने किया चक्काजाम”
विनय द्विवेदी, ब्यौहारी।

ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। ग्राम टिहकी निवासी बीजेपी युवा मोर्चा करकी मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी सहित एक और युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला, जिन्होंने सड़क पर जाम लगाकर निष्पक्ष जांच की मांग की।

जानकारी के अनुसार राहुल द्विवेदी अपने एक मित्र अतुल तिवारी के साथ एक शादी समारोह से बाइक द्वारा लौट रहे थे। देर रात ग्राम जोड़ा पुल के पास उनकी बाइक और दोनों लोगों का शव मिला। हालांकि चर्चा यह भी है कि एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बीजेपी युवा मोर्चा टिहकी मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी एवं अतुल तिवारी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्यौहारी भेजा गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना है, लेकिन परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
परिजनों का आरोप है कि यह केवल सड़क हादसा नहीं हो सकता, बल्कि मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शहडोल-रीवा मार्ग पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर वाहन की तलाश शुरू कर दी है। प्रशासन लोगों को शांत कराने और मामले की हर पहलू से जांच कराने का भरोसा दे रहा है।





