Ad imageAd image
d84ef9efc3d53b57ca3a957694261ad58b2c2b9e

मानपुर वार्ड-10 में गहराया जल संकट: सालों से परेशान वार्डवासियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, जलकर बिलों पर भी उठे सवाल

admin
3 Min Read
इस खबर को शेयर करें

मानपुर वार्ड-10 में गहराया जल संकट: सालों से परेशान वार्डवासियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, जलकर बिलों पर भी उठे सवाल

 

मानपुर (उमरिया)। नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 10 में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या एक बार फिर गंभीर रूप से सामने आई है। नियमित जलापूर्ति, पाइपलाइन की खराब व्यवस्था और बिना पर्याप्त पानी सप्लाई के भारी-भरकम जलकर बिलों को लेकर वार्डवासियों ने अनुविभागीय दंडाधिकारी को आवेदन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है।

 

- Advertisement -
Ad imageAd image

वार्डवासियों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से जल संकट बना हुआ है। पाइपलाइन व्यवस्था में तकनीकी खामियों और लीकेज के कारण कई घरों तक नियमित पानी नहीं पहुंच पा रहा है। स्थिति यह है कि लोगों को पूरे दिन में मुश्किल से एक से दो बाल्टी पानी ही मिल पाता है, जिससे दैनिक जीवन की बुनियादी जरूरतें भी प्रभावित हो रही हैं। भीषण गर्मी में यह संकट और अधिक विकराल हो गया है।

 

स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने के बावजूद नगर परिषद द्वारा हजारों रुपए के जलकर बिल भेजे जा रहे हैं। इससे आमजन में गहरी नाराजगी है। वार्डवासियों ने मांग की है कि जिन उपभोक्ताओं को पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं मिल रही, उनके बिलों की जांच कर राहत प्रदान की जाए।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मानपुर ने तुरंत संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए। उन्होंने नगर परिषद को वार्ड क्रमांक 10 में टैंकर के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जल निगम की पाइपलाइन में हो रही लीकेज को शीघ्र दुरुस्त करने को कहा गया।

- Advertisement -
Ad imageAd image

 

इसके अतिरिक्त क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए एसडीएम ने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (एमपीईबी) के जूनियर इंजीनियर को भी वार्ड का निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

 

ज्ञापन देने वालों में राम प्रसाद प्रजापति, दीपचंद चौधरी, संजोग बैगा, अरुण बैगा, रम्पत बैगा, लीला बाई, कलवतिया बैगा और उमेश सहित कई वार्डवासी शामिल रहे। प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लिए जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली और इसे समस्या समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

 

वार्ड-10 के निवासियों को अब उम्मीद है कि प्रशासन की सक्रियता से जल संकट और अव्यवस्थित बिलिंग की समस्या का स्थायी समाधान जल्द निकल सकेगा।

Share This Article
Leave a Comment