ग्राम गिरवा के साप्ताहिक बाजार में आंधी-तूफान का कहर, पेड़ गिरने से महिला की मौत
कई घायल, बिजली आपूर्ति और आवागमन ठप
शहडोल | 16 मई 2026 | यस न्यूज | प्रतिनिधि चेतराम शर्मा
शहडोल जिले के ग्राम पंचायत गिरवा के साप्ताहिक बाजार में शुक्रवार शाम तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अचानक आए तूफान के कारण बाजार परिसर और आसपास के क्षेत्र में कई पेड़ गिर गए, जिससे एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम लगभग 7 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जिसके बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। व्यापारी और ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन इसी दौरान भारी पेड़ गिरने से बड़ा हादसा हो गया।
मृतका की पहचान श्रीमती सोहागी बाई महरा, पति बाल गोविंद महरा, निवासी ग्राम मलया-2 थाना बुढार जिला शहडोल के रूप में हुई है। घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं कई अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय पुलिस की मदद से उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
सूचना मिलने पर अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है।
आंधी-तूफान के कारण मुख्य मार्ग पर कई पेड़ गिर जाने से आवागमन घंटों तक बाधित रहा। इसके साथ ही बिजली के खंभे और तार टूट जाने से केशवाही क्षेत्र के कई गांवों में पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह तूफान इतना भीषण था कि कुछ ही मिनटों में पूरे बाजार का माहौल भयावह हो गया और जन-धन की व्यापक क्षति हुई। प्रशासन से प्रभावित परिवारों को मुआवजा और राहत उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है।





