अनूपपुर में भाजपा कार्यालय का भव्य भूमि पूजन
अनूपपुर, 6 अप्रैल 2026:
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अनूपपुर में अपने नए जिला कार्यालय निर्माण के लिए चचाई रोड पर आज भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल, जिले के प्रभारी मंत्री एवं शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रामलाल रौतेल, जिला प्रभारी संजय साहू, जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, रामदासपुरी आधार वैश्य और बृजेश गौतम उपस्थित रहे।
वर्चुअल माध्यम से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जमवाल ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा का कार्यालय कार्यकर्ताओं की आधारशिला है और यह केवल दफ्तर नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए एक मंदिर के समान है।
कार्यक्रम की शुरुआत में कोतमा में हुई दुखद घटना के शोक में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
युवाओं ने ली सदस्यता
कार्यक्रम में लगभग 50 युवा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी के प्रयास से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम और जिला प्रभारी संजय साहू ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर पार्टी में स्वागत किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
47वें स्थापना दिवस का उत्सव
भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के नेतृत्व में अनूपपुर जिले के सभी बूथों पर उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न मंडलों में विशेष कार्यक्रमों का सफल आयोजन हुआ।


