20 मई को सतना जिले की सभी दवा दुकानें रहेंगी बंद, मेडिकल कारोबारियों की हड़ताल
All India Organisation of Chemists and Druggists (AIOCD) के आह्वान पर 20 मई को देशव्यापी हड़ताल की जाएगी। ऑनलाइन दवा कंपनियों और “डीप डिस्काउंट” के विरोध में आयोजित इस हड़ताल में देशभर के करीब 12.4 लाख मेडिकल स्टोर बंद रहने की संभावना है। इसी क्रम में सतना जिले की सभी दवा दुकानें भी 20 मई को बंद रहेंगी।
मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष दीनदयाल तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के मेडिकल व्यवसायी सुबह 11 बजे हॉस्पिटल चौक में एकत्रित होंगे। इसके बाद शांतिपूर्ण तरीके से मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी, जो सर्किट हाउस और राजेंद्र नगर मार्ग से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचेगी। वहां प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाई जाएंगी।
हड़ताल के पीछे मुख्य वजह ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियों द्वारा भारी छूट देकर दवाओं की बिक्री करना और बिना उचित नियमों के दवाओं का वितरण बताया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि इससे स्थानीय मेडिकल दुकानदारों के व्यवसाय पर गंभीर असर पड़ रहा है।
इसके अलावा संगठन ने नकली दवाओं की बिक्री और एआई जनरेटेड फर्जी प्रिस्क्रिप्शन पर रोक लगाने की भी मांग उठाई है। हड़ताल के चलते जिले सहित देशभर में आम लोगों को दवाइयों की खरीद में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।





