शनिश्चरी अमावस्या एवं शनि जयंती पर श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार शनि धाम

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शनि मेले की व्यवस्थाओं का लिया व्यापक जायजा
शनिश्चरी अमावस्या एवं श्री शनि जयंती के अवसर पर 16 मई को जिले में स्थित प्रसिद्ध शनि मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ एवं पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा ने गुरुवार को शनि मंदिर परिसर पहुंचकर मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री जांगिड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 एवं 16 मई को शनि मेले में लगाए गए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी, सतर्कता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि संपूर्ण मेला परिसर सीसीटीवी निगरानी में रहेगा तथा ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मेला परिसर में पर्याप्त टेंट, मैटिंग एवं छायादार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग स्थल, मेला परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर निर्बाध विद्युत व्यवस्था बनाए रखने तथा विद्युत बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक बैकअप व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल के समुचित प्रबंध किए जाएं तथा जल टैंकरों के नियमित रिफिल हेतु जल स्रोतों की पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मोबाइल नंबर एवं वाहन चालकों की जानकारी आपस में साझा रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित समन्वय किया जा सके।
कलेक्टर ने अस्थायी अस्पताल में चिकित्सकों, दवाइयों, स्वास्थ्य स्टाफ, एंबुलेंस एवं ओआरएस पैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर की जाएं।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा ने शनि मेला परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त बल मंदिर परिसर के आसपास तैनात रहेगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सभी श्रद्धालुओं को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध हो सके।
–
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh





