पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली? सतना में पत्रकारों से भी लिया जा रहा शुल्क
“क्या अब ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए पत्रकारों को पहले देना होगा पार्किंग शुल्क?”
सतना
सतना शहर के सेंटर जेल वैष्णो देवी मंदिर परिसर में पार्किंग व्यवस्था को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। आरोप है कि ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा पार्किंग के नाम पर पत्रकारों से भी जबरन शुल्क वसूला जा रहा है। इतना ही नहीं, विरोध करने या जानकारी लेने पर कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और धमकी भरी बातें भी कही जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में पत्रकारों की गाड़ी परिसर में खड़ी होते ही ठेकेदार विक्रम गुप्ता के कर्मचारियों ने तुरंत पार्किंग पर्ची थमा दी और शुल्क जमा करने का दबाव बनाया। जब पत्रकारों ने इस संबंध में जानकारी लेना चाही, तो कर्मचारियों ने कथित रूप से कहा कि “पत्रकार हो या अधिकारी, पार्किंग शुल्क सभी को देना होगा।”
पत्रकारों ने जताई नाराजगी
मामले को लेकर पत्रकारों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि मुद्दा केवल शुल्क का नहीं, बल्कि पत्रकारिता और चौथे स्तंभ के सम्मान का है। आरोप है कि कर्मचारियों ने पत्रकारों से यह तक कह दिया कि “जितने पत्रकारों को बुलाना हो बुला लो, कुछ नहीं होने वाला।”
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पत्रकारों ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए सतना कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पार्किंग शुल्क के नाम पर मनमानी और धमकाने का रवैया जारी रहा, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करेगा।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई करता है।





