आंगन मिलन सेवा अभियान का शुभारंभ
बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष जोर
*शहडोल* । मध्यप्रदेश शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान का शुभारंभ शनिवार को शहडोल जिले में उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ किया गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर विधायक श्रीमती मिनीषा सिंह, एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री अखिलेश मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केंद्र पर आने वाले बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय टीम द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करते हुए आवश्यक परामर्श दिया गया। वहीं माताओं एवं महिलाओं से संवाद कर उन्हें बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में गर्भवती एवं धात्री माताओं को संतुलित आहार, शिशु देखभाल, स्तनपान, मातृ स्वास्थ्य एवं नवजात शिशु की देखभाल से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। महिलाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बच्चों को सम्मानित किया गया। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से जमीनी स्तर पर शासन की सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक देखभाल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पोषण, जागरूकता और जनसहभागिता के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान के माध्यम से समुदाय और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने तथा पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण जागरूकता, हितग्राही संवाद, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने सहित विभिन्न कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।





