भीषण गर्मी के चलते अनूपपुर जिले में प्राथमिक कक्षाओं के लिए अवकाश घोषित
अनूपपुर, 21 अप्रैल 2026। जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के मद्देनज़र अहम निर्णय लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी, अनूपपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्री-प्रायमरी से लेकर कक्षा 5वीं तक के सभी शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय विद्यालय एवं सीबीएसई सहित अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 22 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।

ज्ञात हो कि इससे पहले 18 अप्रैल 2026 को जारी आदेश के तहत सभी विद्यालयों का समय प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया था। हालांकि, तापमान में लगातार वृद्धि को देखते हुए छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका के कारण यह नया निर्णय लिया गया है।
वहीं कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों का समय पूर्ववत सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही रहेगा। इस दौरान शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहकर नामांकन, अपार आईडी, साइकिल वितरण एवं पुस्तकों से संबंधित जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अद्यतन करेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन द्वारा पूर्व निर्धारित परीक्षाएं एवं अन्य आवश्यक कार्यक्रम यथावत समय-सारणी के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
उक्त आदेश को कलेक्टर महोदय की स्वीकृति प्राप्त है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।


