ब्यौहारी (मध्य प्रदेश), 20 अप्रैल 2026
शहडोल मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर की अभद्रता का आरोप, परिजनों से बदसलूकी का वीडियो बनाने पर मोबाइल छीना
यस न्यूज़ प्रतिनिधि विनय द्विवेदी की रिपोर्ट।
शहडोल मेडिकल कॉलेज में एक ड्यूटी डॉक्टर पर मरीज के परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक घायल मरीज को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, जहां परिजन जब डॉक्टर के पास पहुंचे तो उन्हें 15 मिनट इंतजार करने के लिए कहा गया। आरोप है कि इस दौरान डॉक्टर ने असंवेदनशील टिप्पणी करते हुए कहा कि “15 मिनट में तो मरीज मर जाएगा।”

डॉक्टर की इस कथित टिप्पणी और व्यवहार से आक्रोशित परिजनों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, जिस पर डॉक्टर ने नाराजगी जताते हुए उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए परिजनों ने इसकी लिखित शिकायत थाना सोहागपुर में दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।


