ब्यौहारी में ब्लॉक कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन: अधिकारी नहीं पहुंचे तो कुत्ते को सुनाया ज्ञापन, गले में लटकाया मांग पत्र

विनय द्विवेदी, ब्यौहारी। शहडोल जिले के नगर परिषद ब्यौहारी में कथित भ्रष्टाचार, अव्यवस्थाओं और जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यौहारी के अध्यक्ष सतेंद्र त्रिपाठी “पिंटू” के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन एवं नगर परिषद कार्यालय का घेराव किया गया। हनुमान मंदिर के समीप आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, मूलभूत सुविधाओं की कमी और जनहित के मुद्दों को लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अपनी 18 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपने के लिए एसडीएम, तहसीलदार अथवा अन्य सक्षम अधिकारी के मौके पर पहुंचने का काफी देर तक इंतजार किया। लेकिन लंबे समय तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की कार्यप्रणाली के विरोध में अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने प्रतीकात्मक विरोध के रूप में एक कुत्ते को प्रशासन का प्रतिनिधि मानते हुए उसे अपनी 18 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन पढ़कर सुनाया तथा मांग पत्र उसके गले में लटका दिया। नेताओं का कहना था कि जब प्रशासन जनता की समस्याओं को सुनने और ज्ञापन लेने तक के लिए उपस्थित नहीं हो सकता, तो यह उसकी उदासीनता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
प्रदर्शन के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने नगर परिषद में विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि नगर की मूलभूत समस्याओं के समाधान में भी लगातार लापरवाही बरती जा रही है।
इस अनोखे विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। स्थानीय लोगों के बीच भी इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन को लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतेंद्र त्रिपाठी “पिंटू”, लालबहादुर सिंह, जिला महासचिव विनोद ताम्रकार, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष हरिमोहन तिवारी, मंडलम कांग्रेस कमेटी ब्यौहारी अध्यक्ष विनय द्विवेदी, नगर अध्यक्ष हरि सिंह, राम लखन सिंह, लक्ष्मीकांत तिवारी, पप्पू साकेत, पुष्पेंद्र पटेल, गीता कोल, लैला खान, विक्रम कोल, आयुष्मान ताम्रकार, मुकेश तिवारी, अनुराज तिवारी, अंकित गुप्ता, दिलीप तिवारी, छत्रपाल वर्मा, विपिन गुप्ता, आदित्य देव सिंह, आशुतोष पटेल, नागेंद्र वर्मा, प्रियदर्शी तिवारी, विक्रम सिंह, हरिशंकर कोरी, सुंदरलाल गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह चतुर्वेदी, श्रीकांत पाण्डेय, जगदीश द्विवेदी, अमित सिंह, चिरौंजीलाल चंचललानी, कमला कोरी, सुरेश विश्वकर्मा, इंद्र कुमार पाठक, राज कुमार, नान बाई, सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





