नौरोजाबाद में वट सावित्री व्रत पर आस्था का अद्भुत दृश्य
बरगद वृक्ष के नीचे सुहागिन महिलाओं ने किया विधि-विधान से पूजन
उमरिया | फैज मोहम्मद, पत्रकार
उमरिया जिले के नौरोजाबाद नगर में शनिवार सुबह वट सावित्री व्रत के अवसर पर आस्था और श्रद्धा का अनोखा दृश्य देखने को मिला। नगर सहित आसपास की सुहागिन महिलाएं बरगद (वट) वृक्ष के नीचे एकत्रित हुईं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ व्रत रखा। वट वृक्ष की परिक्रमा कर धागा बांधते हुए महिलाओं ने सावित्री-सत्यवान की कथा का श्रवण किया और पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया।
वट सावित्री व्रत को हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि इस व्रत को करने से वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और पति की आयु लंबी होती है।
इस वर्ष वट सावित्री व्रत का विशेष महत्व इसलिए भी बताया जा रहा है क्योंकि इस दिन ज्येष्ठ अमावस्या के साथ शनि जयंती और शनिश्चरी अमावस्या का दुर्लभ संयोग बना है। साथ ही बुधादित्य और गजलक्ष्मी जैसे शुभ योग भी बन रहे हैं, जिससे इस पर्व का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन सुहागिनें वट वृक्ष, माता सावित्री, सत्यवान और यमराज जी की पूजा करती हैं और अपने सौभाग्य की कामना करती हैं।
नौरोजाबाद में सुबह से ही महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया और पूरा वातावरण भक्ति व श्रद्धा से सराबोर रहा।
पत्रकार, उमरिया





