राजेन्द्रग्राम (अनूपपुर) | 22 अप्रैल 2026।
राजेन्द्रग्राम थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई उस समय सामने आई जब स्थानीय युवाओं की सजगता ने पूरे मामले का भंडाफोड़ कर दिया।
दिनांक 22 अप्रैल 2026 की रात्रि ग्राम डाकिया टोला मेन रोड, राजेन्द्रग्राम क्षेत्र में एक सफेद बोलेरो वाहन संदिग्ध अवस्था में राजेन्द्रग्राम की ओर से गुजर रहा था। वाहन द्वारा ओवरटेक किए जाने पर स्थानीय युवाओं को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने वाहन का पीछा शुरू किया। पीछा करने के दौरान अवैध शराब की आशंका पुष्ट हुई।
इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही राजेन्द्रग्राम पुलिस सक्रिय हुई और घेराबंदी कर बोलेरो वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से 19 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
इस पूरे घटनाक्रम में एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष पुष्पराजगढ़ जितेन्द्र खांडे, छक्के लाल एवं उनके साथियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उनकी तत्परता और सूझबूझ के चलते पुलिस को समय पर सूचना मिली और एक बड़ी अवैध शराब तस्करी को रोका जा सका।
पुलिस ने मामले में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। वहीं स्थानीय स्तर पर युवाओं की इस सक्रियता की जमकर सराहना हो रही है, जो क्षेत्र में जागरूकता और जिम्मेदारी का उदाहरण बनकर सामने आई है।




