जिले के 08 विद्यार्थियों ने प्रदेश की मेरिट सूची में बनाया स्थान
प्रदेश की मेरिट सूची में 01 विद्यार्थी ने तीसरा, 01 विद्यार्थी ने आठवां, 02 विद्यार्थियों ने 09वां तथा 04 विद्यार्थियों ने 10वां स्थान प्राप्त किया
शहडोल – माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा घोषित हाई स्कूल परीक्षा वर्ष 2026 की छात्र-छात्राओं की अस्थायी प्रावीण्य सूची जारी कर दी गई है। जारी सूची में जिले के होनहार 08 विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

प्रावीण्य सूची में योगेन्द्र सिंह परमार पिता श्री रामनरेश सिंह परमार शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी ने 500 में से 497 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेटिर सूची में तृतीय स्थान हासिल किया है। कु. श्रेया साहू पिता श्री रामसजीवन साहू अशासकीय सेन्ट्रल अकादमी स्कूल शहडोल ने 492 अंक अर्जित कर मेरिट सूची में आठवां स्थान प्राप्त किया है। कु. आर्यिका नामदेव पिता श्री वीरेन्द्र कुमार नामदेव शासकीय भारतीयम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी तथा कु. नेहा सिंह पिता श्री अनूप सिंह अशासकीय सेन्ट्रल आकदमी स्कूल शहडोल ने 491 अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। इसी प्रकार हर्षिल गुप्ता पिता श्री सुनील कुमार गुप्ता, अपेक्षा गुप्ता पिता श्री श्रीकृष्ण गुप्ता दोनो अशासकीय भारतीयम स्कूल ब्यौहारी एवं कु. अनामिका कुशवाहा पिता श्री संजय कुमार कुशवाहा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाणसागर तथा कु. आरायना गुप्ता पिता श्री कन्हैयालाल गुप्ता अशासकीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाईन शहडोल ने 490-490 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में 10वां स्थान हासिल किया है।

सभी विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता अर्जित कर अपने विद्यालय, परिवार एवं जिले का नाम रोशन किया है। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आरके मंगलानी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनन्द राय सिन्हा ने मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा अन्य विद्यार्थियों को भी इनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया है।


