करोड़ों की टंकी बेकार: ग्राम पलिया दुकान में गहराया जल संकट, ग्रामीणों में आक्रोश
ग्राम पलिया दुकान में भीषण जल संकट ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। विडंबना यह है कि यहां करोड़ों की लागत से बनी पानी की टंकी मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद गर्मी के मौसम में लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सर्दियों के दौरान जल आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही थी, लेकिन गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान सर्विस लाइन डालते समय पानी की सप्लाई से जुड़ी पाइपलाइन को भारी नुकसान पहुंचा। इससे जल आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है।
बताया जा रहा है कि केवल इस गांव में ही नहीं, बल्कि आसपास की कई पंचायतों में भी गैस पाइपलाइन कार्य के कारण पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क किनारे बिछी पीएचई विभाग की पाइपलाइन कई स्थानों पर टूट-फूट का शिकार हो गई है, जिससे हालात और भी गंभीर हो गए हैं।
ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन है—शासन या प्रशासन?
गांव में टंकियां बनी हैं, सर्विस लाइन भी मौजूद है, लेकिन मेंटेनेंस के अभाव में पूरी व्यवस्था ठप पड़ी है। गर्मी के इस मौसम में पानी की किल्लत ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब तक इस गंभीर समस्या पर ध्यान देता है और ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
विशेष रिपोर्ट


