खबर का असर: सड़क के बीचोंबीच खोदी गई नींव जेसीबी से कराई गई पटाई
अनूपपुर यस न्यूज ब्यूरो दिगम्बर शर्मा

उप तहसील फुनगा क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। पुराने सड़क मार्ग के बीचोंबीच खोदी गई नींव, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश था, उसे अब जेसीबी मशीन के माध्यम से पटवा दिया गया है।
गौरतलब है कि सड़क के बीच नींव खोदे जाने से आवागमन बाधित होने की आशंका जताई जा रही थी। ग्रामीणों का कहना था कि संबंधित व्यक्ति इसे अपनी निजी भूमि बता रहा था, जबकि यह मार्ग वर्षों से फुनगा टोला एवं विद्यालय आने-जाने के लिए उपयोग में है, जहां से प्रतिदिन स्कूली छात्र भी गुजरते हैं।
यस न्यूज द्वारा प्रमुखता से इस खबर को प्रकाशित किया गया था खबर प्रकाशन के बाद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल कार्रवाई करते हुए गड्ढे को भरवाकर मार्ग को पुनः सुचारू कराया गया। इससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
हालांकि क्षेत्र में अन्य अतिक्रमण के मामलों को लेकर अब भी सवाल बने हुए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि शासकीय भूमि पर किए गए सभी अतिक्रमणों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में आम रास्तों और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा न हो सके।




