प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण संपन्न, सामाजिक कार्यों को गति देने पर दिया गया जोर
करकेली (उमरिया)।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार नवांकुर संस्था सील फाउंडेशन द्वारा प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के अंतर्गत सेक्टर करकेली और घुलघुली की प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम जनपद सभागार करकेली में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक रविन्द्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में सामाजिक कार्यों को मजबूत करने, समितियों की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने तथा शासन की योजनाओं की जानकारी प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और उपस्थित सदस्यों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुई। इसके बाद प्रशिक्षण के विभिन्न सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विशेषज्ञों ने समितियों के दायित्व, योजनाओं के संचालन और दस्तावेजीकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रथम सत्र में सील फाउंडेशन के अध्यक्ष दीपक नामदेव ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद का परिचय देते हुए परिषद की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और समाज विकास में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि परिषद समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रही है।
द्वितीय सत्र में संस्था के सचिव संदीप शुक्ला ने सृजन योजना और प्रस्फुटन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए समितियों के कार्य दायित्व और जिम्मेदारियों को समझाया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के माध्यम से समाज में जनभागीदारी को मजबूत बनाया जा रहा है।
तृतीय सत्र में जिला समन्वयक रविन्द्र शुक्ल ने समितियों के दस्तावेजीकरण और अभिलेख संधारण की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था या समिति की पारदर्शिता और प्रभावी कार्यप्रणाली के लिए सही तरीके से दस्तावेजों का संधारण अत्यंत आवश्यक है।
चतुर्थ सत्र में परामर्शदाता सोनाली तिवारी ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को लाभ पहुंचाया जा सकता है।
पांचवें सत्र में सीएम सोशल इंटर्न रोशनी यादव ने परिषद द्वारा संचालित सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम की जानकारी देते हुए युवाओं को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
छठवें सत्र में दीपक नामदेव ने गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक कार्यकर्ताओं के बौद्धिक विकास और समाज सेवा की भावना पर चर्चा की। उन्होंने प्रतिभागियों को एमपीजैप एप्लिकेशन के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। प्रमोद सिंह ने कहा कि यह कार्यशाला अत्यंत लाभकारी रही और इसके माध्यम से समाज के अधिक से अधिक लोगों को जनसहयोग से लाभ पहुंचाने के लिए प्रेरणा मिली। वहीं अर्जुन सिंह ने कहा कि समाज सेवा की प्रेरणा उन्हें अपने पूर्वजों से मिली है और अब वे परिषद के साथ मिलकर अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करेंगे। चंदेराम बैगा ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें स्थानीय लोगों से जुड़ने और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने के नए तरीके सीखने को मिले।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में सेक्टर करकेली और घुलघुली के ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव और सदस्य प्रतिभागी के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।





