बांधवगढ़ में उद्योग स्थापना की मांग, विधायक ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
उमरिया, मध्य प्रदेश | फैज मोहम्मद
बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास और युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट कर उमरिया जिले में नए उद्योग स्थापित किए जाने की मांग की।
विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिले में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन उद्योगों के अभाव में स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए अन्य जिलों एवं राज्यों की ओर पलायन करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिले में नए उद्योग स्थापित होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
शिवनारायण सिंह ने कहा कि बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए उद्योग स्थापना आवश्यक है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
क्षेत्र के लोगों ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सरकार के सहयोग से उमरिया जिले में जल्द ही औद्योगिक विकास की नई शुरुआत होगी।
— फैज मोहम्मद, रिपोर्टर, उमरिया





