खाली पदों से बिगड़ी राजस्व व्यवस्था, नायब तहसीलदार न होने से मौहरिया और दुधमनिया क्षेत्र के लोग परेशान
यस न्यूज ब्यूरो, सिंगरौली
09 मार्च 2026
सिंगरौली जिले के कई राजस्व क्षेत्रों में नायब तहसीलदार के पद लंबे समय से खाली पड़े होने के कारण प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई दे रही है। विशेष रूप से चितरंगी तहसील अंतर्गत मौहरिया क्षेत्र तथा दुधमनिया तहसील में नायब तहसीलदार का पद रिक्त होने से राजस्व से जुड़े कार्यों का समय पर निराकरण नहीं हो पा रहा है। इसका सीधा असर ग्रामीणों पर पड़ रहा है, जिन्हें अपने छोटे-छोटे कामों के लिए भी बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अन्य राजस्व संबंधी प्रकरणों के निपटारे में काफी देरी हो रही है। कई मामलों में फाइलें महीनों तक लंबित पड़ी रहती हैं, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर सुनवाई और निर्णय नहीं होने से जमीन संबंधी विवाद भी बढ़ने लगे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले क्षेत्र में ही कई कार्यों का समाधान हो जाता था, लेकिन अब अधिकारी न होने के कारण उन्हें छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए भी तहसील मुख्यालय तक जाना पड़ता है। दूरदराज के गांवों से आने वाले लोगों को यात्रा में अतिरिक्त समय और पैसे खर्च करने पड़ते हैं, जिससे आमजन में असंतोष बढ़ रहा है।
राजस्व मामलों से जुड़े जानकारों का कहना है कि विभाग में अधिकारियों की कमी का सीधा असर प्रशासनिक व्यवस्था पर पड़ रहा है। यदि जल्द ही इन रिक्त पदों पर अधिकारियों की पदस्थापना नहीं की गई तो लंबित प्रकरणों की संख्या और बढ़ सकती है, जिससे राजस्व व्यवस्था और अधिक प्रभावित होने की आशंका है।
ऐसे में अब लोगों की नजर जिला प्रशासन पर टिकी हुई है कि वह मौहरिया, दुधमनिया और नगर तहसील सिंगरौली सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर कब संज्ञान लेता है और नायब तहसीलदार के रिक्त पदों पर पदस्थापना कर राजस्व कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।


