रायसेन जेल में सनसनीखेज वारदात: हत्या के आरोपित कैदी ने प्रहरी को मारी गोली, गंभीर हालत में भोपाल रेफर; जेल अधीक्षक निलंबित
रायसेन जिला जेल में हत्या के आरोपित कैदी नीलेश ठाकुर ने भागने की कोशिश में जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर दिया गया है। गोलीकांड से जेल सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ गए हैं।

डिजिटल डेस्क, रायसेन। रायसेन जिला जेल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हत्या के मामले में बंद कैदी ने भागने की कोशिश के दौरान जेल प्रहरी पर फायरिंग कर दी। आरोपित नीलेश ठाकुर ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर अवैध कट्टे से दो गोलियां चलाईं। एक गोली कंधे के पास और दूसरी पीठ में लगी, जिससे प्रहरी गंभीर रूप से घायल हो गया।
फलों की टोकरी लेने भेजा था, गेट खोलकर भागने लगा कैदी
घायल जेल प्रहरी के मुताबिक, बुधवार को जेल परिसर में स्कूली बच्चों का कार्यक्रम होना था, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान कैदी नीलेश ठाकुर को फलों की टोकरी लेने गेट के पास भेजा गया था। मौका पाकर उसने गेट खोलकर भागने का प्रयास किया। प्रहरी ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपित ने कट्टे से दो फायर कर दिए।




