बरमान घाट पर फिर बड़ा हादसा: सागर के दो युवक डूबे, एक को बचाया गया, रेस्क्यू जारी
नरसिंहपुर जिले के प्रसिद्ध बरमान घाट में रविवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। रेत घाट क्षेत्र में नहाने के दौरान जिला सागर के दो युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन को सूचना दी।
मौके पर पहुंची होमगार्ड टीम और स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक युवक को जीवित अवस्था में पानी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे युवक की तलाश देर शाम तक जारी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक अपने साथियों के साथ घाट पर घूमने आए थे और नहाते समय गहरे पानी की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि रेत खनन वाले हिस्से में पानी की गहराई अधिक होने के कारण हादसा हुआ।
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी इसी बरमान घाट पर चार युवक डूबने लगे थे, जिन्हें नाव चालकों की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया था। लगातार हो रही घटनाओं ने घाट पर सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरमान घाट जिले का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। घाट पर चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा बैरिकेडिंग और निगरानी व्यवस्था की कमी के चलते लगातार हादसे हो रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीम लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है।





