*संजीव गुप्ता की रिपोर्ट सीधी सिहावल*
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल में रोगी कल्याण समिति की बैठक विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी द्वारा पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन प्रतिवेदन की जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष चर्चा की गई। जनरेटर के लिए डीजल/ऑयल की व्यवस्था, वाहन चालकों के मानदेय, सफाई कर्मियों के भुगतान, स्टाफ ड्यूटी रूम की व्यवस्था तथा प्रथम तल पर निर्मित भवन में विद्युत आपूर्ति सहित आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण कर उसे उपयोग में लाने के निर्देश दिए गए।
विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित सभी अस्पतालों में मरीजों को बिना किसी परेशानी के बेहतर और सुगम उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अस्पतालों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जन आरोग्य औषधि केंद्र के सुचारू संचालन तथा स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों के सुचारू संचालन, अस्पताल में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके पश्चात विधायक ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
बैठक में उपखंड अधिकारी सिहावल राजेश शुक्ला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सिहावल रोहित उपाध्याय, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिकेश शर्मा, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, परियोजना अधिकारी अनुसुइया बाजपेई, उपयंत्री सच्चितानंद तिवारी, सरपंच मुन्नी प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


