उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत में मौसम का कहर, 104 लोगों की मौत
राजस्थान में गर्मी का रेड अलर्ट, मध्यप्रदेश भी हीटवेव की चपेट में
लखनऊ/जयपुर/भोपाल। उत्तर प्रदेश में आए तेज आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अब तक 104 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। तेज आंधी के दौरान एक युवक के हवा में उछलने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
उधर राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। दिनभर चल रही गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है।
मध्यप्रदेश में भी हीटवेव का असर लगातार बढ़ रहा है। भोपाल, ग्वालियर, खजुराहो और नौगांव सहित कई शहरों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों तक उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है।





