मध्यप्रदेश उमरिया | नौरोजाबाद
भारत गैस एजेंसी पर कालाबाजारी और अनियमित वितरण के आरोप, भाजयुमो ने खाद्य अधिकारी को सौंपा शिकायत पत्र
घरेलू गैस सिलेंडर ₹1500 तक बेचने का आरोप, आम उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी
नौरोजाबाद नगर में संचालित भारत गैस एजेंसी पर घरेलू गैस सिलेंडरों के वितरण में अनियमितता, कालाबाजारी और उपभोक्ता अधिकारों के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगे हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा, नगर मंडल नौरोजाबाद द्वारा इस संबंध में खाद्य अधिकारी उमरिया को शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में बताया गया है कि सहकारी समिति के अंतर्गत संचालित भारत गैस एजेंसी द्वारा पिछले लगभग एक माह से घरेलू गैस सिलेंडरों के वितरण में भारी अनियमितताएँ बरती जा रही हैं। आरोप है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और गैस आपूर्ति प्रभावित होने का हवाला देकर एजेंसी प्रबंधन आम जनता का शोषण कर रहा है।

भाजयुमो नेताओं का कहना है कि निर्धारित दर पर मिलने वाला घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को लगभग ₹1500 तक में बेचा जा रहा है, जबकि वाणिज्यिक सिलेंडर करीब ₹2600 में उपलब्ध कराया जा रहा है। इसे खुली कालाबाजारी बताते हुए संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि एजेंसी के प्रबंधक और कुछ कर्मचारी आम नागरिकों की अनदेखी करते हुए होटल संचालकों, मेस मालिकों, बड़े व्यापारियों और प्रभावशाली लोगों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं सामान्य उपभोक्ता घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
संगठन ने यह भी कहा कि भारत सरकार की होम डिलीवरी और ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था का पालन नहीं किया जा रहा है। उपभोक्ताओं के घर तक सिलेंडर पहुंचाने के बजाय वाहनों को एक स्थान पर खड़ा कर मनमाने तरीके से वितरण किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने खाद्य अधिकारी से एजेंसी के स्टॉक, वितरण प्रणाली और अभिलेखों की तत्काल जांच कराने, दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई करने तथा आम उपभोक्ताओं को पारदर्शी और समयबद्ध गैस वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी करने की भी अपील की है।





