*किसान कल्याण वर्ष में नई शुरुआत— पहली बार “महिला किसान चौपाल” का आयोजन, अब खेती में महिलाओं की आवाज बनेगी ताकत*
*संजीव गुप्ता की रिपोर्ट सीधी -कुसमी*
कुसमी के पोड़ी में भव्य आयोजन— महिला किसानों को मिला मंच, संवाद और सशक्तिकरण का अवसर
सीधी जिले के आदिवासी अंचल कुसमी के पोड़ी ग्राम में जिला प्रशासन की पहल पर पहली बार “महिला किसान चौपाल” का भव्य आयोजन किया गया। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला कृषकों को सशक्त मंच प्रदान करना, उनके अनुभवों को साझा करना तथा खेती-किसानी में उनकी भूमिका को और अधिक मजबूत बनाना रहा।
कार्यक्रम में सांसद राजेश मिश्रा एवं विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम द्वारा महिला कृषकों का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस पहल ने महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने का एक प्रेरणादायक संदेश दिया।
चौपाल में महिला कृषकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जैविक कृषि, प्राकृतिक खेती, बीज बैंक तथा पारंपरिक कृषि पद्धतियों के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। उनके अनुभवों ने अन्य किसानों को भी नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला कृषकों को मूंग के बीज वितरित किए गए, जिससे उन्हें बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला कृषकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
यह आयोजन न केवल महिला किसानों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला साबित हुआ, बल्कि खेती में उनकी सहभागिता को एक नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ। जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीण अंचलों में महिला सशक्तिकरण और कृषि नवाचार को नई गति देने वाली मानी जा रही है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्रीमती अनीता सिंह जी जनपद अध्यक्ष श्री मती श्याम बत्ती सिंह कलेक्टर विकास मिश्रा जी एसडीएम श्री शैलेंद्र द्विवेदी बी आर सी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी व अन्य अधिकारी कर्मचारी जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे





