यस न्यूज़ की खबर का असर: नौरोजाबाद में डस्ट प्रदूषण से मिली राहत, नगर परिषद ने शुरू कराया पानी का छिड़काव
फैज मोहम्मद, उमरिया।
नगर परिषद नौरोजाबाद क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं खुदाई कार्य के चलते उड़ रही धूल से आमजन परेशान थे। भीषण गर्मी के बीच सड़कों पर धूल के गुबार उठने से राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को यस न्यूज़ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

खबर के प्रसारण के बाद प्रशासन और नगर परिषद हरकत में आई। नगर परिषद द्वारा अब प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। सुबह और शाम किए जा रहे इस छिड़काव से डस्ट प्रदूषण में कमी आई है और लोगों को राहत मिली है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की खुदाई के कारण लगातार धूल उड़ रही थी, जिससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी खतरा बढ़ गया था। अब पानी के छिड़काव से वातावरण में सुधार हुआ है और लोगों को स्वच्छ हवा मिल रही है।

नागरिकों ने नगर परिषद की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक पानी का छिड़काव नियमित रूप से जारी रखा जाएगा। वहीं क्षेत्रवासियों ने जनहित के इस मुद्दे को उठाने के लिए यस न्यूज़ की सराहना की है।

यस न्यूज़ – आपकी आवाज, आपकी खबर।





