अंबाह में कैफे फायरिंग का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद
अंबाह।
शहर में दो दिन पहले कैफे पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। अंबाह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश पर रोक लगी है।
थाना प्रभारी वीरेश कुशवाह और सब इंस्पेक्टर अमर सिंह राजावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अमन शर्मा उर्फ रामू (19) निवासी करौली माता रोड और सौरभ उर्फ छोटू तोमर (25) निवासी पुठ रोड को पकड़ा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का कट्टा और घटना में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 127/26 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से अंबाह क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल करने में बड़ी सफलता मिली है।
रिपोर्टर: बालेंद्र सिंह (अंबाह)


